Baghpat News: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 कुंतल मिलावटी मावा बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार
Baghpat News: बागपत में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान के दौरान करीब 13 कुंतल संदिग्ध मावा जब्त किया। पांच लोगों को हिरासत में लेकर नमूने जांच के लिए भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 कुंतल मिलावटी मावा बरामद, पांच आरोपी गिरफ्तार (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बागपत। त्योहारी सीजन से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 13 कुंतल मिलावटी मावा (खोया) बरामद किया है। कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को पकड़ लिया गया, जबकि जब्त किए गए मावे की बाजार कीमत चार लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) बागपत डीपी सिंह के नेतृत्व में विभागीय टीम ने छपरौली थाना क्षेत्र के लूम्ब गांव में छापेमारी की। जांच के दौरान दो ट्रकों में बड़ी मात्रा में मिलावटी मावा दिल्ली ले जाया जा रहा था।
टीम ने वाहनों को रोककर जांच की तो भारी मात्रा में संदिग्ध मावा बरामद हुआ। खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को हिरासत में लिया। जांच के बाद जब्त किए गए लगभग 13 कुंतल मिलावटी मावे को छपरौली थाने परिसर में गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया, ताकि यह दोबारा बाजार में न पहुंच सके। इसके अलावा टीम ने अरारोट पाउडर को सील करते हुए मावे के सैम्पल लेकर जांच को भेज दिए हैं।
जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा । मिलावटखोरों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले भर में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।
यह कार्रवाई मिलावटखोरों के खिलाफ जिले की अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है। दूसरी ओर विभाग की कार्यशैली पर बड़ा सवाल यह भी खड़ा हो रहा है कि गांव-गांव में मिलावटी मावा, पनीर, दूध व अन्य दुग्ध उत्पाद बनाये जाने की भट्टियाँ चल रही है। साथ ही बागपत से प्रतिदिन यही सैंकड़ों कुंतल मिलावटी मावा, पनीर दिल्ली जाता है। इन अवैध भट्टियों और गाड़ियों को रोककर कार्यवाही क्यों नहीं की जाती।