Baghpat News: ग्राम पंचायत बैठक में कुर्सी मार युद्ध, विकास जांच पर भिड़े प्रधान और विपक्षी पक्ष
Baghpat News: बागपत के बोहढ़ा गांव में विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई ग्राम पंचायत बैठक हंगामे में बदल गई। प्रधान और विपक्षी पक्ष के बीच तीखी नोकझोंक के बाद कुर्सियां चलीं।
Baghpat News(Photo-Social Media)
Baghpat News: बागपत जिले के छपरौली ब्लॉक के बोहढ़ा गांव की ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई बैठक उस समय हंगामे में बदल गई, जब ग्राम प्रधान पक्ष और विपक्ष के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते पंचायत परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर कुर्सियां चलीं। लात-घूंसों और धक्का-मुक्की का दौर शुरू हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में विकास कार्यों की जांच को लेकर अधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों ने पंचायत भवन में वाटर कूलर न होने का मुद्दा उठाया। उनका आरोप था कि पंचायत में कूलर लगाए जाने संबंधी कार्यों और अन्य विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का रिकॉर्ड रखने के लिए पंचायत भवन की तस्वीरें ली जानी चाहिए। बताया जा रहा है कि विपक्षी पक्ष के कुछ लोग साक्ष्य के तौर पर पंचायत भवन और वहां की व्यवस्थाओं की फोटो खींचने लगे। इसी बात का ग्राम प्रधान समर्थकों ने विरोध किया। फोटो खींचने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। माहौल इतना गरमा गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए।
लाइव विजुअल में साफ देखा जा सकता है कि पंचायत परिसर में मौजूद लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंक रहे हैं। कई लोग लात-घूंसों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। अफरा-तफरी के बीच बैठक पूरी तरह बाधित हो गई और पंचायत परिसर जंग के अखाड़े जैसा नजर आने लगा। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन कुछ देर तक हंगामा जारी रहा। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्यों की जांच को लेकर बुलाई गई बैठक में इस तरह का बवाल होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है।