Bahraich News: नानपारा हाईवे पर दर्दनाक हादसा, टाटा पंच और कंबाइन की टक्कर में 4 लोगों की मौत
Bahraich News: बहराइच के नानपारा हाईवे पर टाटा पंच और कंबाइन मशीन की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर घायलों का इलाज जारी है।
Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। मटेरा थाना क्षेत्र में नानपारा हाईवे पर डिहवा पेट्रोल पंप के सामने टाटा पंच कार और कंबाइन मशीन की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रात साढ़े नौ बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 9:30 बजे टाटा पंच कार में सवार छह लोग नानपारा से बहराइच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मटेरा की तरफ से बहराइच जा रही एक अज्ञात कंबाइन मशीन ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा पंच कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
पुलिस ने शुरू कराया राहत-बचाव कार्य
वहीं इस घटना की सूचना मिलते ही थाना मटेरा और थाना नानपारा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल लोगों को तुरंत जिला अस्पताल बहराइच भिजवाया गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।
एसपी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
वहीं इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के निर्देश दिए।
हादसे में चार लोगों की मौत
यहां इस दर्दनाक सड़क हादसे में अनिल कुमार पुत्र सुरेश निवासी मुकेरिया थाना रामगांव, अल्ताफ अहमद पुत्र अब्दुल कादिर निवासी हम्जापुरा थाना दरगाह शरीफ, अनिल कुमार पुत्र श्याम नारायण निवासी मेटुकहा थाना रामगांव और महेंद्र पाल पुत्र राधेश्याम निवासी फतेहपुरवा मोहम्मदपुर थाना रामगांव की मौत हो गई।
दो घायलों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
वहीं हादसे में घायल शिवम श्रीवास्तव निवासी चित्रशाला रोड कोतवाली नगर और अश्वनी कुमार निवासी ब्राह्मणीपुरा कोतवाली नगर का इलाज मेडिकल कॉलेज बहराइच में चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
परिवारों में पसरा मातम
वहीं इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पहुंच गए, जहां चीख-पुकार और रोते-बिलखते लोगों का माहौल देखने को मिला।