Bahraich News: बकरीद से पहले बहराइच पुलिस का सुरक्षा अभ्यास तेज, दंगा नियंत्रण को लेकर अलर्ट

Bahraich News: बहराइच में बकरीद और अन्य पर्वों से पहले पुलिस ने दंगा नियंत्रण ड्रिल कर सुरक्षा इंतजाम परखी, ड्रोन निगरानी और आधुनिक उपकरणों का अभ्यास कराया।

Update:2026-05-15 19:49 IST

 बकरीद से पहले बहराइच पुलिस का सुरक्षा अभ्यास तेज, दंगा नियंत्रण को लेकर अलर्ट(Photo- Newstrack)

Bahraich News: बहराइच: आगामी पर्व बकरीद एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस लाइन परेड ग्राउंड बहराइच में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन एवं नेतृत्व में दंगा नियंत्रण अभ्यास एवं बलवा ड्रिल का आयोजन किया गया।

अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संभावित आपात परिस्थितियों में पुलिस बल की तत्परता, समन्वय क्षमता एवं कार्यकुशलता का परीक्षण करना तथा दंगा नियंत्रण उपकरणों एवं आधुनिक रणनीतियों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का अभ्यास कराया गया

ड्रिल के दौरान पुलिस बल को एंटी राइट गन, रबर बुलेट, अश्रु गैस गोले, ग्रेनेड, डंडा, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, कैन शील्ड, हैंड गार्ड एवं लेग गार्ड सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों के उपयोग का रियल टाइम अभ्यास कराया गया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दंगा नियंत्रण के दौरान इन उपकरणों की उपयोगिता एवं उनकी भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर पीआरवी-112 वाहनों का निरीक्षण भी किया गया।


बलवा ड्रिल हेतु विशेष टीमें गठित कर उन्हें किसी भी प्रकार की अशांति अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए सतर्क एवं तैयार रहने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक टीम को उनके दायित्वों एवं उत्तरदायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया।


इसके अतिरिक्त ड्रोन सर्विलांस टीम को क्षेत्र की सतत निगरानी एवं वास्तविक समय में सूचनाओं के आदान-प्रदान की जिम्मेदारी सौंपी गई। अभ्यास के दौरान पुलिस बल को नवीन दंगा नियंत्रण रणनीतियों, संयमित व्यवहार, संवेदनशीलता तथा विधिक प्रक्रियाओं के पूर्ण पालन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए, जिससे किसी भी अप्रत्याशित परिस्थिति में प्रभावी एवं व्यावहारिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक भुवनेश्वर सिंह, प्रभारी प्रतिसार निरीक्षक शंभू शरण यादव सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News