ससुराल से घर लौट रहे 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत, छह महीने पहले हुई थी शादी
Bahraich News: बहराइच में ससुराल से घर लौट रहे 19 वर्षीय सुभाष यादव की सड़क हादसे में मौत हो गई। छह महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम।
Bahraich News: रामगांव थाना क्षेत्र में सैलानी बाबा के पास हुए सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक अपनी ससुराल से घर लौट रहा था। हादसे के बाद पहचान नहीं होने पर उसके शव को जिला अस्पताल में लावारिस के रूप में रखवा दिया गया। बाद में अस्पताल पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान सुभाष यादव के रूप में की।
मृतक की पहचान रामगांव थाना क्षेत्र के गुलरा गांव, पोस्ट रायपुरसिया निवासी सुभाष यादव (19) पुत्र ननकू यादव के रूप में हुई है। मृतक के चाचा लायक राम यादव ने बताया कि सुभाष एक दिन पहले अपनी ससुराल गया था। रविवार सुबह वह घर के लिए दूध लेकर लौट रहा था। इसी दौरान सैलानी बाबा के पास रास्ते में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से हादसा हो गया, जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद युवक की पहचान नहीं हो सकी थी, जिसके चलते पुलिस ने शव को जिला अस्पताल पहुंचाकर लावारिस में रखवा दिया था। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिजनों ने उसकी पहचान की। 19 वर्षीय सुभाष की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है । थाना प्रभारी रामगांव ने बताया कि सड़क हादसे में युवक की मौत हुई है । आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है ।