Balrampur News: बलरामपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई, 126 वाहनों का ई-चालान
Balrampur News : बलरामपुर में ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान, नियम तोड़ने वाले 126 वाहनों का ई-चालान, लाखों का जुर्माना
Balrampur News
Balrampur News : बलरामपुर में सोमवार को यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान चलाया। शहर के विभिन्न चौराहों और मुख्य मार्गों पर की गई सघन चेकिंग के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 126 वाहनों का ई-चालान किया गया। इस कार्रवाई में करीब 5 लाख 88 हजार रुपए का समन शुल्क लगाया गया।अभियान पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी यातायात वीरसेन सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी यातायात उमेश सिंह ने टीम के साथ अभियान की कमान संभाली।
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने और गलत दिशा में वाहन दौड़ाने वालों पर विशेष नजर रखी गई। बाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई जगहों पर पुलिस ने वाहन रोककर दस्तावेजों की जांच की, जिससे कुछ देर तक मार्गों पर हल्की भीड़ भी दिखाई दी।
यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की। वहीं मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज आवाज करने वाले वाहनों को भी चिह्नित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे वाहन सड़क सुरक्षा के साथ-साथ आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनते हैं।
अभियान के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने लोगों से हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।