Balrampur News: ओटीपी से मिलेगा पोषक आहार, उम्र के हिसाब से तय होगा पोषण

Balrampur News: बलरामपुर में आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब ओटीपी और फेस प्रमाणीकरण के बाद मिलेगा पोषक आहार, बच्चों और माताओं के लिए अलग श्रेणियां तय।

Update:2026-05-25 18:25 IST

ओटीपी से मिलेगा पोषक आहार, उम्र के हिसाब से तय होगा पोषण (Photo- Newstrack)

Balrampur News: बलरामपुर । जिले में बच्चों, गर्भवती महिलाओं और गर्भवती महिलाओं के पोषण स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब ओटीपी से पोषक आहार मिलता नजर आएगा। पोषक आहार वितरण की व्यवस्था में ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) का प्रावधान अनिवार्य कर दिया गया है। इसके साथ ही लाभार्थियों की विभिन्न श्रेणियों के अनुसार पोषक आहार को आकर्षक नाम भी दिए गए हैं। इससे लाभार्थी अपने पोषक आहार की आसानी से पहचान कर सकेंगे।

एप ईएलएमडी डाउनलोड करना होगा

जिलाधिकारी डॉ विपिन कुमार जैन ने बताया कि इस व्यवस्था के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब पोषक आहार प्राप्त करने के लिए अपने मोबाइल फोन पर एक विशेष एप ईएलएमडी डाउनलोड करना होगा।

इस मोबाइल एप में उनके आंगनबाड़ी केंद्र से संबंधित आवश्यक जानकारी दर्ज करने के बाद कार्यकर्ता को एक ओटीपी मिलेगा। इसी ओटीपी को संबंधित एजेंसी को बताने पर ही उन्हें लाभार्थियों की संख्या के अनुसार पोषक आहार की खेप सौंपी जाएगी।

बताया कि ओटीपी न बताने की स्थिति में पोषक आहार का वितरण नहीं किया जाएगा। यह कदम वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। इस योजना के तहत आधार पंजीकरण और चेहरा प्रमाणीकरण के बाद ही लाभार्थियों तक पोषक आहार पहुंचेगा।

यह है पोषक आहार की विभिन्न रोचक श्रेणियां

-शिशु अमृत: छह माह से एक वर्ष तक के बच्चों के लिए आटा-बेसन का मीठा हलवा।

-शिशु आहार: एक से तीन वर्ष तक के बच्चों के लिए हलवा।

-बाल पुष्टिकर: तीन से छह वर्ष तक के बच्चों के लिए आटा-बेसन की बर्फी, दलिया और मूंग दाल की नमकीन खिचड़ी।

-संपूर्ण मातृ आहार: गर्भवती और धात्री माताओं के लिए आटा-बेसन और सोया बर्फी, दलिया-मूंग दाल की नमकीन खिचड़ी।

-बाल संजीवनी: एक से तीन वर्ष तक के अति कुपोषित बच्चों के लिए विशेष मीठा हलवा।

Tags:    

Similar News