Balrampur में राष्ट्रीय लोक अदालत में 46 हजार मामले निपटे

Balrampur News: बलरामपुर राष्ट्रीय लोक अदालत में 46,834 मामलों का निस्तारण हुआ, जबकि बैंक रिकवरी में 6.51 करोड़ रुपये के दावे सुलझे।

Update:2026-05-09 19:05 IST

Balrampur News (Social Media) (2).jpg

Balrampur News: बलरामपुर के सिविल न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में बड़ी संख्या में मामलों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया गया। लोक अदालत में न्यायालयों और प्रीलिटिगेशन स्तर पर कुल 46,834 मामलों का समाधान हुआ। इसके साथ ही बैंक रिकवरी के मामलों में करीब 6.51 करोड़ रुपये की धनराशि के निस्तारण ने लोगों को बड़ी राहत दी।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लोक अदालत की अध्यक्षता जनपद एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्कर्ष चतुर्वेदी ने की।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (प्रवर खंड) यशपाल वर्मा ने बताया कि लोक अदालत में फौजदारी, सिविल, पारिवारिक, राजस्व, मोटर दुर्घटना, बैंक रिकवरी, एनआई एक्ट और विद्युत बिल समेत विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई की गई।

उन्होंने बताया कि विभिन्न न्यायालयों में कुल 12,398 मामलों को सूचीबद्ध किया गया था, जिनमें से 6,979 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। साथ ही 1.60 लाख रुपये से अधिक का अर्थदंड भी वसूला गया। राजस्व न्यायालयों में 980 राजस्व, 15 स्टांप तथा 433 फौजदारी मामलों का निपटारा किया गया।

लोक अदालत में प्रीलिटिगेशन स्तर पर भी बड़ी सफलता मिली, जहां 36,285 मामलों का समाधान कराया गया। वहीं बैंक रिकवरी के 1,112 मामलों में समझौते के जरिए लगभग 6.51 करोड़ रुपये के दावों का निस्तारण हुआ।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विनोद कुमार बरनवाल ने 43 पारिवारिक मामलों का निपटारा किया, जबकि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अनूप कुमार पाण्डेय की अदालत में 3,600 फौजदारी मामलों का निस्तारण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान न्यायालय परिसर में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जहां लोगों को मुफ्त जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। जिला कारागार के बंदियों द्वारा तैयार अगरबत्ती और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही।

Tags:    

Similar News