Balrampur News: कुआनो नदी में मिला लापता युवक का शव, परिवार में कोहराम, गांव में शोक की लहर
Balrampur News: बलरामपुर के कालिंजर ग्रिंट गांव में कुआनो नदी में लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिवार में मातम।
Balrampur News(Photo-Social Media)
Balrampur News: थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम कालिंजर ग्रिंट (गहीरवा) के पास रविवार सुबह कुआनो नदी में 19 वर्षीय युवक का शव उतराता मिला, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक शनिवार दोपहर से घर से लापता था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालिंजर ग्रिंट निवासी रक्षा राम राजभर का 19 वर्षीय पुत्र शिव कुमार उर्फ भोलू राजभर शनिवार अपराह्न करीब 3 बजे बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पेहर बाजार चौकी में मामले की लिखित सूचना दी।
रविवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास बहने वाली कुआनो नदी में एक युवक का शव देखा। शिनाख्त भोलू राजभर के रूप में होने पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्राम प्रधान राम शंकर राजभर ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की मां तारा देवी ने बताया कि भोलू मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसका इलाज चल रहा था। वह चार भाइयों में तीसरे स्थान पर था। उसके दो बड़े भाइयों, विश्राम और संतोष, की शादी हो चुकी है, जबकि छोटा भाई आशु और दोनों बहनें करिश्मा व रेशमा अविवाहित हैं।
पिता रक्षा राम मजदूरी कर किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करते हैं। भोलू की असमय मृत्यु से मां तारा देवी बेसुध हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी रो-रोकर बेहाल हैं। पूरे गांव में इस हृदयविदारक घटना से शोक की लहर व्याप्त है। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हो गया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।