Banda News: 11 हजार वोल्ट लाइन से घरों में फैला करंट, सामान जला; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
Banda News: गायत्री नगर में 11 हजार वोल्ट लाइन के सपोर्टिंग पोल से घरों में करंट फैलने के बाद आग लग गई। लाखों का सामान जला, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप।
Banda News(Photo-Social Media)
Banda News: शहर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री नगर चमरौड़ी चौराहे में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के सपोर्टिंग पोल से घरों में करंट फैलने के बाद अफरा-तफरी मच गई। करंट फैलने के कारण कई घरों में आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का घरेलू सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।
करंट फैलते ही घरों में लगी आग
बताया जा रहा है कि 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन के सपोर्टिंग पोल से अचानक घरों में करंट फैल गया। इसके बाद देखते ही देखते कई घरों में रखे सामान में आग लग गई। आग की चपेट में आने से सोना-चांदी, फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, पंखे, अलमारी, बेड, श्रृंगारदान समेत अन्य घरेलू सामान जल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका है। आग लगने के बाद मोहल्ले में हड़कंप मच गया और लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।
सूचना के बाद करीब एक घंटे में बंद हुई बिजली
स्थानीय लोगों का आरोप है कि करंट फैलने और आग लगने की सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई थी। आरोप के मुताबिक, सूचना देने के करीब एक घंटे बाद बिजली आपूर्ति बंद की गई। इस दौरान आग ने घरों में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे किसी बड़े जनहानि की घटना टल गई।
पहले भी शिकायत करने का दावा
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि बिजली के तारों से जुड़ी समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस इलाके में इससे पहले भी बिजली के तारों के कारण हादसे हो चुके हैं। लोगों का आरोप है कि तारों को हटाने और समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ शासन-प्रशासन और उच्चाधिकारियों तक शिकायत की गई, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
पीड़ित बोले- शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
एक स्थानीय निवासी ने बताया कि मोहल्ले के लोग लंबे समय से बिजली के तारों को हटाने की मांग कर रहे हैं। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि करंट फैलने के बाद घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। लोगों ने कहा है कि जब तक बिजली के तारों से जुड़ी समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक वे तारों को दोबारा जोड़ने की अनुमति नहीं देंगे।
जिम्मेदार अधिकारियों से कार्रवाई की मांग
घटना ने बिजली व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई की गई होती तो नुकसान को टाला जा सकता था। लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। फिलहाल घटना के बाद सभी की नजर बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।