Banda News: जसपुरा पुलिस ने नकली शराब गिरोह का भंडाफोड़ किया, दो तस्कर गिरफ्तार
Banda News: बांदा के जसपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली और मिलावटी अंग्रेजी शराब बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
Banda News
Banda News: जनपद में नकली और मिलावटी शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जसपुरा थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पानी की बोतलों में केमिकल मिलाकर नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर बेचने वाले दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लीटर अपमिश्रित शराब, 75 खाली शराब की बोतलें, भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, एक डस्टर कार और लगभग 80 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार रामपुर चौडगरा चौराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक डस्टर कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें बड़ी मात्रा में शराब से संबंधित सामग्री मिली। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कार सवार युवक पानी की बोतलों और खाली अंग्रेजी शराब की बोतलों में मिलावटी शराब भरकर उसे असली ब्रांड के नाम पर बेचने का कारोबार करते थे।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश और जितेंद्र के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे अलग-अलग शराब ठेकों से सस्ती शराब खरीदते थे। इसके बाद उसमें केमिकल और अन्य पदार्थ मिलाकर उसकी तीव्रता बढ़ाते थे। फिर इस शराब को पानी की बोतलों और खाली अंग्रेजी शराब की बोतलों में पैक कर बाजार में महंगे दामों पर बेचते थे। पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बरामद शराब की जांच कराई जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नकली शराब के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।