Barabanki News: बाराबंकी का युवक आतंकी साजिश में गिरफ्तार: ATS एक्शन के बाद गांव में पुलिस की दबिश

Barabanki News: बाराबंकी में यूपी एटीएस ने पाकिस्तान से जुड़े आतंकी नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर स्लीपर सेल तैयार करने और हमले की साजिश रचने के आरोप हैं।

Update:2026-05-06 20:22 IST

Barabanki News

Barabanki News: उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए बाराबंकी के बदोसराय थाना क्षेत्र के किंतूर निवासी दानियाल अशरफ को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और संवेदनशील प्रतिष्ठानों व पुलिस ठिकानों पर हमले की साजिश से जुड़ा हुआ था।एटीएस के मुताबिक आरोपी का संपर्क पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी, आबिद जट्ट और हम्माद से था। इनके निर्देश पर देश में स्लीपर सेल के तौर पर युवाओं को तैयार करने और रेकी कर हमले की योजना बनाई जा रही थी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों में वीडियो कॉल, वॉयस नोट और संदिग्ध चैट सामने आए हैं, जिनमें देश विरोधी गतिविधियों की बात की गई है।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी द्वारा एक पुलिस स्टेशन की रेकी कर उसकी लोकेशन और वीडियो साझा किया गया था। साथ ही हमले को अंजाम देने के लिए हथियार और पैसे की मांग भी की गई थी। एटीएस ने आरोपी के पास से देशी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है।एटीएस की इस कार्रवाई के बाद बाराबंकी में भी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। बदोसराय क्षेत्र के किंतूर गांव में स्थानीय पुलिस ने पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की, घर की तलाशी ली और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।गांव में इस कार्रवाई के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी का परिवार सामान्य है, जिससे इस घटना ने सभी को चौंका दिया है। पुलिस अब आरोपी के स्थानीय संपर्कों और गतिविधियों की भी गहराई से जांच कर रही है।फिलहाल एटीएस इस पूरे नेटवर्क के अन्य कनेक्शन खंगाल रही है, जबकि बाराबंकी पुलिस भी हर पहलू पर नजर बनाए हुए है। इस कार्रवाई को समय रहते एक बड़ी साजिश को नाकाम करने के रूप में देखा जा रहा है।

Tags:    

Similar News