Barabanki News: नौकरी का झांसा देकर महिला को आठ दिन बंधक बनाया, गैंगरेप और धमकी का आरोप

Barabanki News: नौकरी का झांसा देकर महिला को आठ दिनों तक बंधक बनाने और गैंगरेप का आरोप लगा है। पीड़िता ने SP ऑफिस पहुंचकर शिकायत की।

Update:2026-08-14 15:07 IST

Barabanki News(Photo-Social Media)

Barabanki News: बाराबंकी जिले के नगर कोतवाली क्षेत्र से इंसानियत को झकझोर देने वाला एक बेहद खौफनाक मामला सामने आया है। पति से अनबन के बाद नौकरी की तलाश में निकली एक विवाहिता को बंधक बनाकर नशीला पदार्थ पिलाने, सिर के बाल काटने और कई दिनों तक दरिंदगी व सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज आरोप लगा है। शुक्रवार को पीड़ित महिला अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहाँ उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता की गंभीर हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया।

देवा थाना क्षेत्र के गांव की रहने वाली पीड़िता के मुताबिक पति से विवाद के बाद उसकी संपर्क में आई एक मुंहबोली भाभी ने उसे शहर में अच्छी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि 2 अगस्त को वह महिला एक लाल रंग की कार से सुहेल अंसारी व एक अन्य साथी के साथ गांव आई और पीड़िता को उसके दो मासूम बच्चों जिनमें एक 4 वर्षीय दिव्यांग बेटा भी शामिल है के साथ बाराबंकी शहर के आवास विकास चौकी क्षेत्र अंतर्गत कोठीडीह स्थित एक मकान में ले गई। आरोप है कि वहां पहुंचते ही उसे कमरे में कैद कर लिया गया और रात में सुहेल अंसारी ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। विरोध करने पर पीड़िता का मोबाइल छीन लिया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई।

पीड़िता का रोंगटे खड़े कर देने वाला आरोप है कि 2 अगस्त से 10 अगस्त तक उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान सुहेल अंसारी और आरोपी महिला द्वारा उसे जबरन बीयर व शराब में नशीली गोलियां मिलाकर पिलाई जाती रहीं और अन्य लोगों को बुलाकर उसके साथ लगातार सामूहिक दुष्कर्म कराया गया। जब उसने चंगुल से भागने की कोशिश की, तो उसके 4 वर्षीय दिव्यांग और 5 वर्षीय बेटे को जान से मारने की धमकी दी गई, बच्चों को पीटा गया और दरिंदगी की हद पार करते हुए पीड़िता के सिर के बाल तक काट दिए गए। गंभीर यौन हिंसा और बर्बरता के चलते पीड़िता के निजी अंगों में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

काफी खोजबीन के बाद 10 अगस्त को पुलिस की मदद से पीड़िता को मुक्त कराया जा सका। वहीं पीड़िता के पति ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए वसूली और लापरवाही का दावा किया है। न्याय न मिलने से परेशान दंपती ने एसपी बाराबंकी को 10 बिंदुओं पर विस्तृत शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल मेडिकल परीक्षण कराने, 164 के तहत मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने, लाल रंग की कार व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जब्त करने और आरोपी सुहेल अंसारी व उसकी सहयोगी महिला समेत सभी अज्ञात दरिंदों के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है।

Tags:    

Similar News