बाराबंकी में लापता चार मासूम बच्चे लखनऊ से सकुशल बरामद, घर लौटते ही फैली खुशियों की लहर
Barabanki News: 36 घंटे बाद लखनऊ से सकुशल मिले सफदरगंज से लापता चार मासूम बच्चे
Barabanki Missing Children
Barabanki News: जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव से गुरुवार को रहस्यमय ढंग से लापता हुए चार मासूम बच्चों को पुलिस ने शुक्रवार देर रात लखनऊ से सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सुरक्षित मिलने की खबर से गांव में मातम का माहौल खुशी में बदल गया और परिजनों की आंखों से राहत के आंसू छलक पड़े।
लापता बच्चों की पहचान जनजातीय समुदाय की मंगता बिरादरी से संबंधित एक ही परिवार के 9 वर्षीय टुन्नी, 8 वर्षीय अंकित, 6 वर्षीय सनी और 5 वर्षीय राज के रूप में हुई थी। सभी बच्चे गुरुवार सुबह रोज की तरह गांव के स्कूल पढ़ने के लिए निकले थे, लेकिन घर वापस नहीं लौटे। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू कर दी थी।
थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बच्चों की खोजबीन के लिए आस-पास के प्रमुख चौराहों और बाजारों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पता चला कि बच्चे अक्सर स्कूल के बाद आसपास के कस्बों और बाजारों में भीख मांगने चले जाते थे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने लखनऊ में तलाशी अभियान चलाया और शुक्रवार देर रात चारों मासूमों को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में चौंकाने वाली बात सामने आई। बताया गया कि घर में डांट पड़ने के बाद 9 वर्षीय टुन्नी नाराज हो गया था और उसने तीन अन्य बच्चों को अपने साथ लखनऊ घूमने के लिए मना लिया। सभी बच्चे पैदल ही गांव से निकल पड़े और कई किलोमीटर की दूरी तय कर राजधानी लखनऊ पहुंच गए।बच्चों के सकुशल लौटने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। जहां पिछले 36 घंटे से गांव में मातम और भय का माहौल था, अब वहीं खुशियों की लहर दौड़ गई है।