बरेली में अटल संकल्प पार्टी की जन भागीदारी यात्रा का जलवा: भारी भीड़ और जबरदस्त समर्थन
Bareilly News: बरेली में अटल संकल्प पार्टी की “जन भागीदारी यात्रा” भारी उत्साह और जनसमर्थन के साथ संपन्न हुई। यात्रा फतेहगंज पश्चिमी से शुरू होकर विभिन्न क्षेत्रों से गुजरी और समापन जनसभा में संगठन विस्तार व विकास मुद्दों पर चर्चा हुई।
Bareilly News: बरेली अटल संकल्प पार्टी द्वारा रविवार को आयोजित "जन भागीदारी यात्रा" भारी उत्साह, जनसमर्थन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी के साथ संपन्न हुई। यात्रा के माध्यम से पार्टी ने क्षेत्र में अपनी संगठनात्मक शक्ति और बढ़ते जनाधार का प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं ने इसे जनता से सीधे संवाद स्थापित करने, सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
यात्रा का शुभारंभ सुबह 9 बजे फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा से हुआ। सैकड़ों कार्यकर्ताओं, समर्थकों और पदाधिकारियों के साथ निकली यह यात्रा झुमका चौराहा, सीबीगंज, मिनी बाईपास, विपिन चौराहा, अभयपुर, रमियापुर, गोपालपुर, सोराह टिटौली और अग्रास सहित विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरी। मार्ग में कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने यात्रा का स्वागत किया तथा पार्टी नेताओं का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। दोपहर 2 बजे यात्रा का समापन उड़ान ग्लोबल स्कूल, फतेहगंज पश्चिमी में हुआ।
कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित कुमार गंगवार, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इंजी. योगेंद्र कुमार, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष दीपू सचिन, संगठन मंत्री अभिषेक, सलाहकार दामोदर सिंह (भूतपूर्व सैनिक), राष्ट्रीय प्रवक्ता मुनेंद्र कुमार तथा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि मौर्य सहित राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बरेली जिला अध्यक्ष सचिन गंगवार, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मधु शर्मा, रामपुर जिला अध्यक्ष अवधेश मौर्य, बहेड़ी विधानसभा अध्यक्ष आकाश, विधानसभा सचिव कपिल और अन्य पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
यात्रा के समापन पर आयोजित जनसभा में वक्ताओं ने संगठन विस्तार, विकास, पारदर्शिता, सामाजिक समरसता और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखे। युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रवि मौर्य ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने के लिए प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों का धन्यवाद देते हुए कहा कि जनता का बढ़ता समर्थन पार्टी के प्रति विश्वास को दर्शाता है। पार्टी नेताओं ने दावा किया कि जन भागीदारी यात्रा संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। फोटो कैप्शन : फतेहगंज पश्चिमी में आयोजित अटल संकल्प पार्टी की जन भागीदारी यात्रा में शामिल राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक।