Bareilly News : छज्जा निकालने के विवाद में हुई हत्या मामले में वांछित दो सगे भाइयों को पकड़ा

Bareilly News : मीरगंज थाना पुलिस ने छज्जा विवाद में हुई हत्या के मामले में फरार दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

Update:2026-06-07 19:43 IST

Bareilly Murder Case 

Bareilly News : बरेली मीरगंज थाना पुलिस ने ग्राम जाम में छज्जा निकालने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और क्षेत्र से बाहर भागने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार ग्राम जाम निवासी कुंवरपाल और उनके पड़ोसियों के बीच मकान का छज्जा निकालने को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बीती 25 मई 2026 को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट के दौरान कुंवरपाल के भाई लक्ष्मण प्रसाद उर्फ लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1)/3(5) के तहत हत्या की धारा की बढ़ोतरी की। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार द्वारा की जा रही थी।रविवार को प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम वांछित अभियुक्तों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी नल नगरिया तिराहे के पास मौजूद हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान हरजीत (20 वर्ष) तथा प्रेमरतन उर्फ रामरतन (19 वर्ष), पुत्रगण मंगल सैन उर्फ मंगली, निवासी ग्राम जाम, थाना मीरगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने लकड़ी की फटी से वार किया था, जिससे लक्ष्मण स्वरूप गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Tags:    

Similar News