कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा घाट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, पुलिस ने बिछड़ी बच्ची को मां से मिलाया

Bareilly News: बरेली के फतेहगंज पश्चिमी स्थित भोलापुर-शंखापुर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान किया।

Update:2026-11-24 17:54 IST

Bareilly News

Bareilly News: फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के भोलापुर-शंखापुर गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। दिनभर गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान घाट पर लगे मेले में भी खूब चहल-पहल देखने को मिली।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी लगातार घाट और मेला परिसर में निगरानी करते रहे। श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए नाव पर भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। वहीं, लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया जाता रहा।मेले के दौरान ट्यूलिया गांव निवासी वीरेंद्र की आठ वर्षीय बेटी काव्या अचानक अपने परिजनों से बिछड़ गई। बच्ची के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने बच्ची को सकुशल खोज लिया और उसकी मां उमा देवी के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।

घाट के समीप शिव मंदिर के पास लगे मेले में चाट, गोलगप्पे, पकौड़ी, जलेबी और खिलौनों की दुकानें सजी रहीं। महिलाओं और बच्चों ने जमकर खरीदारी की और मेले का आनंद उठाया।व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए थाना प्रभारी प्रवीन कुमार और चौकी प्रभारी आदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कानूनगो बृजकिशोर, लेखपाल सुधा शर्मा, नवरत्न कुमार, महावीर दिवाकर और कपिल गंगवार सहित अन्य लोग भी व्यवस्थाएं संभालने में जुटे रहे।

Tags:    

Similar News