Bareilly News: शादी समारोह में खाने की व्यवस्था पर विवाद, सब्जी के बर्तन पर मिले पंजों जैसे निशान
Bareilly News: बरेली के स्पर्श लॉन में शादी समारोह के दौरान खाने की गुणवत्ता पर विवाद हुआ। सब्जी के बर्तन पर पंजों जैसे निशान और अधपके चावल परोसने का आरोप, डीएम से होगी शिकायत।
Bareilly News
Bareilly News: पीलीभीत बाईपास रोड स्थित स्पर्श लॉन (स्पर्श होटल एंड रिसॉर्ट) में आयोजित शादी समारोह के दौरान खाने की व्यवस्था और गुणवत्ता को लेकर विवाद हो गया। मेहमानों को सब्जी परोसने के लिए इस्तेमाल किए गए स्टील के बर्तन के बाहरी हिस्से पर कथित तौर पर कुत्तों के पंजों जैसे निशान दिखाई देने से नाराजगी फैल गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है। पीड़ित परिवार ने लॉन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से शिकायत करने की तैयारी की है।
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, उन्होंने शादी समारोह के आयोजन के लिए स्पर्श लॉन की बुकिंग 10 लाख रुपये से अधिक की रकम में कराई थी। समारोह के दौरान जब बाराती और रिश्तेदार भोजन कर रहे थे, तभी एक वेटर बड़े स्टील के कटोरे में सब्जी लेकर टेबल पर पहुंचा। इसी दौरान मेहमानों की नजर बर्तन के बाहरी हिस्से पर बने पंजों जैसे निशानों पर पड़ी। इस पर लोगों ने आपत्ति जताई और कर्मचारियों से जवाब मांगना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई।आरोप है कि मामला बढ़ने पर लॉन के कर्मचारी और प्रबंधक मौके पर पहुंचे। मेहमानों ने मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते हुए कर्मचारियों से बर्तन की सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर सवाल किए। इस दौरान एक कर्मचारी ने कथित तौर पर कहा कि यह गलती से हो गया होगा। हालांकि, इस जवाब से परिवार के लोग संतुष्ट नहीं हुए। उनका कहना था कि समारोह के लिए मोटी रकम चुकाने के बावजूद खाने की स्वच्छता और व्यवस्था का ध्यान नहीं रखा गया।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि समारोह में परोसे गए चावल अधपके थे। शिकायत करने पर कर्मचारियों ने अगली सुबह प्रबंधन से बात कराने का आश्वासन दिया, लेकिन परिवार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इसे प्रशासन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।पीड़ित परिवार सोमवार को जिलाधिकारी और खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपेगा। परिवार ने पूरे मामले की जांच कराने के साथ ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों की पड़ताल करने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही है।