Bareilly News: बरेली में दर्दनाक हादसा: मीरगंज फ्लाईओवर पर दो दोस्तों की मौत, तीसरा गंभीर घायल

Bareilly News: बरेली के मीरगंज फ्लाईओवर पर देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक उत्तराखंड के रुद्रपुर से मनोना धाम दर्शन करने जा रहे थे।

Update:2026-11-20 09:56 IST

Bareilly News

Bareilly News: मीरगंज फ्लाईओवर पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों युवक उत्तराखंड के रुद्रपुर से एक ही बाइक पर सवार होकर मनोना धाम के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में फ्लाईओवर पर उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मीरगंज पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल, बरेली रेफर कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे ऊधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप की कृष्णा कॉलोनी निवासी तीन दोस्त विकास पुत्र रामौतार, पीयूष पुत्र प्रमोद और प्रिंस पुत्र जगमाल बाइक से मनोना धाम के दर्शन करने के लिए निकले थे। तीनों मीरगंज फ्लाईओवर पर पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक किसी अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों को गंभीर चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही मीरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने विकास और पीयूष को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रिंस की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

एक ही हादसे में दो दोस्तों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में चीख-पुकार मच गई। मनोना धाम के दर्शन की इच्छा लेकर घर से निकले युवकों की इस तरह मौत होने से परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।

Tags:    

Similar News