Bareilly News: इंस्टाग्राम पर बहन की आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी, मुकदमा दर्ज

Bareilly News: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम की दो फर्जी आईडी से एक युवती और उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पिछले तीन महीने से युवती के भाई पर बहन को सौंपने का दबाव बनाया जा रहा है।

Update:2026-11-10 13:05 IST

Bareilly News

Bareilly News: जनपद के मीरगंज थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवती और उसके परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति पिछले तीन महीने से युवती के भाई को लगातार संदेश भेजकर उसकी बहन को अपने हवाले करने का दबाव बना रहा है। ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने और युवती की एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित परिवार ने सीओ मीरगंज अजय कुमार से मामले की शिकायत की। उनके निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

तीन महीने से दो इंस्टाग्राम आईडी से भेजे जा रहे धमकी भरे संदेश

मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर दो अलग-अलग आईडी से लगातार धमकी भरे संदेश भेजे जा रहे हैं। आरोप है कि संदेश भेजने वाले लोग उसकी बहन को उनके हवाले करने का दबाव बना रहे हैं।पीड़ित के मुताबिक, उसका परिवार अपनी बहन के लिए योग्य वर की तलाश कर रहा था। इसकी जानकारी होने पर आरोपियों ने उसे और परिवार के अन्य सदस्यों को धमकाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने अपनी पहचान और पता पूछने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी। इससे पूरा परिवार दहशत में है।

आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की दी धमकी

युवक का आरोप है कि आरोपियों ने धमकी दी है कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं की गई तो उसकी बहन की एडिट की गई आपत्तिजनक तस्वीरें फेसबुक पर वायरल कर दी जाएंगी। पीड़ित ने धमकी भरे संदेशों का विवरण भी अपनी शिकायत के साथ सीओ मीरगंज को सौंपा है।पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी अजय कुमार से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इंस्टाग्राम आईडी और धमकी भरे संदेशों की जांच शुरू कर दी है।सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News