भारत भूषण तिवारी Encounter की आग बिहार से पहुंची चंदौली, ब्राह्मण समाज में आक्रोश
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: बिहार में हुए अब तक का सबसे सनसनीखेज एनकाउंटर 'भारत भूषण तिवारी मर्डर' को लेकर प्रदेश व आसपास का ब्राह्मण समाज आक्रोशित है और इसका नमूना चंदौली में भी देखने को मिला।
Bharat Bhushan Tiwari Encounter: चंदौली में भारत भूषण तिवारी के चर्चित फर्जी एनकाउंटर की गूंज बिहार से अब उत्तर प्रदेश तक पहुंच गई है। रविवार को चंदौली जिला मुख्यालय पर ब्राह्मण समाज के लोगों ने एकजुट होकर अपना आक्रोश व्यक्त किया और भारत भूषण तिवारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।
भारत भूषण तिवारी की मौत की निष्पक्ष जांच आवश्यक
जिला मुख्यालय पर आयोजित कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग शामिल हुए। हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने शांतिपूर्ण ढंग से मार्च निकाला और भारत भूषण तिवारी के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि भारत भूषण तिवारी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।
मार्च के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिहार में ब्राह्मण समाज के लोगों पर लगातार अत्याचार हो रहे हैं, जिसे लेकर समाज में नाराजगी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत भूषण तिवारी भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाने और लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रहे थे। उनके सामाजिक सरोकारों और सक्रियता के कारण वे कई लोगों के निशाने पर आ गए थे।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि भारत भूषण तिवारी भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे थे। यही कारण था कि वे बिहार प्रशासन के लिए असहज स्थिति का कारण बन गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके।
परशुराम सेवा समिति ने दी चेतावनी
कैंडल मार्च में शामिल लोगों ने सरकार से मांग की कि मामले की पारदर्शी जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने भारत भूषण तिवारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन भी सतर्क रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखा।
सौसर पर परशुराम सेवा समिति के अध्यक्ष सत्य मूर्ति ओझा, भाजपा नेता डॉक्टर के एन पांडे,अरुण द्विवेदी कांग्रेस जिलाध्यक्ष,रत्नेश पाठक स्वर्ण पार्टी जिलाध्यक्ष ,जिला पंचायत सदस्य अभय कुमार पांडे सहित सैकड़ों की संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग उपस्थित रहे।