Chandauli News: अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

Chandauli News: मुगलसराय के तिनकोनिया पोखरा के पास 36 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। पहचान नहीं हो सकी, पुलिस शिनाख्त और मौत के कारणों की जांच में जुटी।

Update:2026-06-21 21:46 IST

 अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जनपद के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के यूरोपियन कॉलोनी स्थित तिनकोनिया पोखरा के पास रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मृतक की पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार को तिनकोनिया पोखरा के समीप स्थित एक नाई की गुमटी के पास लगभग 36 वर्षीय युवक मृत अवस्था में पड़ा मिला। गुमटी में बाल और दाढ़ी बनाने का कार्य करने वाले किशन की नजर जब युवक पर पड़ी तो वह उसकी ओर गया। पास पहुंचने पर युवक को मृत देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।

मृतक की पहचान नहीं हो सकी 

स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम और रेलवे चौकी पुलिस मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस द्वारा शव की तलाशी ली गई, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। इसके चलते मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक ने आसमानी रंग की टी-शर्ट और गुलाबी रंग का लोअर पहन रखा था। उसके दाहिने हाथ पर कैंची का निशान तथा बाएं हाथ पर ‘ॐ’ का गोदना बना हुआ पाया गया है, जिसके आधार पर पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा 

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से इलाके में घूमता हुआ दिखाई देता था, लेकिन वह कहां का रहने वाला था और उसका नाम क्या था, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

इस समय इस संबंध में थाना अध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक घुमंतू किस्म का मानसिक रूप से विक्षिप्त था और लोगों से मांग कर खा पीकर घूमता रहता था। आसपास के लोगों के अनुसार धूप में घूमने कारण हीट वेव से उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। उसके शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News