Chandauli News: एसआईआर अभियान को लेकर भाजपा की कार्यशाला, नए नाम जोड़ने पर जोर

Chandauli News: जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर मतदाता सूची जांचने और 18 वर्ष पूरे करने वाले युवाओं का फॉर्म-6 भरवाकर नाम जुड़वाने के निर्देश दिए।

Update:2026-11-17 17:13 IST

Chandauli News: चंदौली की जिला इकाई भारतीय जनता पार्टी जनपद चंदौली के जिला कार्यालय पर मंगलवार को एसआईआर (विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण) अभियान को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में पार्टी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए यह सुनिश्चित करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाए, जिससे नए मतदाताओं को मतदान का अधिकार मिल सके।

उन्होंने आगे कहा कि मतदाता सूची में दर्ज दोहरे नामों को नियमानुसार हटवाने के साथ ही नाम, पता एवं अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित फॉर्म के माध्यम से संशोधन कराया जाए। इसके लिए कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और घर-घर संपर्क कर मतदाता सूची की जांच सुनिश्चित करें।

 

जिलाध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों एवं पार्टी पदाधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी करने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।

कार्यशाला में वक्ताओं ने भी निर्वाचन आयोग एवं शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप अभियान को सफल बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, छूटे हुए पात्र नागरिकों को सूची में शामिल कराने तथा दोहरे एवं अपात्र नामों के नियमानुसार निराकरण पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, शिवशंकर पटेल, राकेश मिश्रा, सुरेश मौर्य, ज्ञानेंद्र कुमार, हरिश्चंद्र अग्रहरि, उमाशंकर सिंह, सुनील श्रीवास्तव, विवेक सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News