Chandauli News: छठ के बाद डीडीयू जंक्शन पर बढ़ी भीड़, डीआरएम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
Chandauli News: छठ पर्व के बाद यात्रियों की वापसी को देखते हुए डीआरएम उदय सिंह मीना ने डीडीयू जंक्शन का निरीक्षण किया, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
छठ के बाद डीडीयू जंक्शन पर बढ़ी भीड़, डीआरएम ने परखी सुरक्षा व्यवस्था (Photo- Newstrack)
Chandauli News: छठ महापर्व समाप्त होने के बाद अब लोगों की वापसी का सिलसिला शुरू हो गया है। स्टेशनों पर उमड़ती भारी भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का अनुभव कराने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में, 18 नवंबर 2026 को पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल के रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने डीडीयू जंक्शन का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, साफ-सफाई और यात्रियों को दी जा रही विभिन्न सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
ट्रेनों के आगमन पर सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा
निरीक्षण की शुरुआत डीआरएम ने सर्कुलेटिंग एरिया, मुख्य यात्री हॉल और फुट ओवरब्रिज (FOB) से की। इसके बाद वे प्लेटफॉर्म संख्या 4 पर 'अप पुरुषोत्तम एक्सप्रेस' और प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर 'अप महाबोधि एक्सप्रेस' के आने के समय पहुंचे।
उन्होंने ट्रेनों में यात्रियों के चढ़ने और उतरने की प्रक्रिया को खुद देखा तथा सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। इस दौरान डीआरएम ने कुछ यात्रियों से सीधे बातचीत कर उनकी यात्रा के अनुभव और स्टेशन पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही, ट्रेन के आने-जाने की घोषणा (एनउंसमेंट) और डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।
अधिकारियों को सख्त निर्देश और बेहतर इंतजाम
स्टेशन परिसर का जायजा लेने के बाद डीआरएम ने होल्डिंग एरिया, टिकट काउंटर, पूछताछ केंद्र, 'मे आई हेल्प यू' डेस्क, खानपान स्टॉल, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रियों को समय पर ट्रेनों की सही जानकारी मिलनी चाहिए। टिकटिंग और पूछताछ की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हो। वाणिज्य विभाग, आरपीएफ (RPF), जीआरपी (GRP) और अन्य सभी कर्मचारी आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि भीड़ को आसानी से संभाला जा सके।
सुगम यात्रा के लिए रेलवे के विशेष प्रबंध
यात्रियों की सुविधा और सुगम आवाजाही के लिए डीडीयू मंडल में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं:
ट्रेनों का संचालन: मंडल से रोजाना 300 से अधिक नियमित और 60 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इसके अलावा गया-डीडीयू, गया-पटना और प्रयागराज रूट पर मेमू (MEMU) सेवाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
होल्डिंग एरिया: भीड़ को नियंत्रित करने के लिए डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन और गया समेत कुल सात प्रमुख स्टेशनों पर विशेष होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं।
टिकट और जानकारी: अतिरिक्त टिकट काउंटर, एटीवीएम (ATVM) और मोबाइल यूटीएस (M-UTS) की मदद से यात्रियों को होल्डिंग एरिया में ही टिकट दिए जा रहे हैं। इसके अलावा 'रेलवन ऐप' और उद्घोषणा के जरिए पल-पल की जानकारी दी जा रही है।
सुरक्षा और निगरानी के कड़े इंतजाम
स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक तकनीक का पूरा इस्तेमाल किया जा रहा है। सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है, और मंडल मुख्यालय में बने 24 घंटे के केंद्रीकृत वॉर रूम से प्रमुख स्टेशनों की मॉनिटरिंग हो रही है।
भीड़ को व्यवस्थित करने में आरपीएफ, जीआरपी, टिकट चेकिंग स्टाफ और स्काउट-गाइड की टीमें लगातार जुटी हुई हैं। इस निरीक्षण के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।