Chandauli News: डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, जांच के लिए भेजे गए नमूने
Chandauli News: चंदौली के मुगलसराय स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे। विभाग ने साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को मुगलसराय स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर औचक छापेमारी की। इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारियों ने प्रतिष्ठान के किचन, स्टोरेज और साफ-सफाई व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया तथा खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), चंदौली के निर्देशन में की गई। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पिज्जा के नमूने लेकर उन्हें नियमानुसार सील किया और विस्तृत परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। अब प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।छापेमारी के दौरान टीम ने खाद्य पदार्थों के रखरखाव, किचन की स्वच्छता, स्टोरेज व्यवस्था और अन्य खाद्य सुरक्षा मानकों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ तकनीकी और व्यावहारिक कमियां पाए जाने पर विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी किया।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर किया जाए, अन्यथा नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार तथा रणधीर सिंह यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे। अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया को नियमानुसार संपन्न कराया और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया।
सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले या जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जनपद में ऐसे औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे और जांच में मानक के विपरीत खाद्य पदार्थ मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से भी निर्धारित मानकों का पालन करने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है।