Chandauli News: डीआईओएस के निरीक्षण में खुली शिक्षा व्यवस्था की पोल, शिक्षक-कर्मचारी मिले अनुपस्थित

Chandauli News: चंदौली में नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार के औचक निरीक्षण में शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही सामने आई। जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज समेत अन्य विद्यालयों में करीब 50 शिक्षक और कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।

Update:2026-07-16 17:41 IST

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और विद्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए नवागत जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) धर्मेंद्र कुमार ने सकलडीहा इंटर कॉलेज एवं जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक और कर्मचारी निर्धारित समय पर अनुपस्थित मिले, जिस पर डीआईओएस ने कड़ा रुख अपनाते हुए लगभग 50 शिक्षकों एवं कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब किया।

जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देशन एवं शासन की मंशा के अनुरूप चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय में उपस्थित न रहने वाले प्रवक्ता, सहायक अध्यापक, प्रभारी लिपिक तथा परिचारकों की उपस्थिति की जांच की गई। जांच में करीब 50 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिनसे तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।औचक निरीक्षण में जिला मुख्यालय स्थित जिला पंचायत बालिका इंटर कालेज के सभी 16 शिक्षक लापता रहे वही अन्य विद्यालय के शिक्षक भी लापता रहे।

जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया कि सभी संबंधित कर्मचारी तीन दिवस के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। यदि जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित कर्मचारियों का वेतन बाधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति विद्यार्थियों की पढ़ाई और शिक्षा की गुणवत्ता के लिए बेहद आवश्यक है।डीआईओएस ने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि सभी विद्यालयों में नियमित रूप से शिक्षण कार्य संचालित हो और छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। ऐसे में लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि जनपद के सभी इंटर कॉलेजों में औचक निरीक्षण का अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना सूचना के किसी भी विद्यालय का निरीक्षण किया जा सकता है और अनुपस्थित पाए जाने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार विद्यालय में उपस्थित होकर पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य न करने या अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

Tags:    

Similar News