Chandauli News: ऑटो से करते थे ठगी,चालक समेत तीन गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए 5 हजार रुपये
Chandauli News: पुलिस ने ऑटो से यात्रियों को निशाना बनाकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए चालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से ₹5,000 नकद बरामद किए गए। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: चंदौली पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का खुलासा करते हुए ऑटो चालक समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से पीड़ित से उड़ाए गए 5 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो भी बरामद किया है। तीनों आरोपी यात्रियों को झांसा देकर ऑटो में बैठाते थे और भीड़भाड़ का फायदा उठाकर उनकी जेब से रुपये निकाल लेते थे।
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को धीना थाना क्षेत्र के भैसाकला निवासी अनिल कुमार शुक्ल कचहरी की ओर जा रहे थे। सकलडीहा रोड पुल के पास एक ऑटो चालक ने उनसे कचहरी का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें ऑटो में बैठा लिया। कचहरी गेट के पास पहुंचने पर चालक ने उन्हें भ्रमित किया और उसके साथियों ने उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए। घटना का आभास होने पर पीड़ित ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर ऑटो चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर चंदौली थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पूछताछ के दौरान ऑटो चालक रितेश मौर्य ने अपने दो साथियों बृजभान और दीपक उर्फ किसमिस के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी मिर्जापुर जनपद के निवासी हैं और सुनियोजित तरीके से भोले-भाले यात्रियों को अपना शिकार बनाते थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की गई पूरी धनराशि 5 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट का ऑटो बरामद कर लिया। आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक बिंदेश्वरी प्रसाद पांडेय और उपनिरीक्षक तरुण कुमार कश्यप के नेतृत्व में थाना चंदौली पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों और यात्रा के दौरान सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।