Chandauli News: खनन विभाग की कार्रवाई से राजस्व वसूली में रिकॉर्ड बढ़ोतरी, अवैध खनन पर शिकंजा
Chandauli News: चंदौली में खनन विभाग ने लक्ष्य से अधिक राजस्व वसूली की, अवैध खनन पर कार्रवाई से 354 वाहन पकड़े गए।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के खनन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026 के शुरुआती दो महीनों अप्रैल और मई में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए निर्धारित लक्ष्य से कहीं अधिक राजस्व की वसूली की है। विभाग की इस सफलता के बाद शासन स्तर पर भी विभागीय कार्यप्रणाली की सराहना की जा रही है तथा आगामी अवधि के लिए लक्ष्य बढ़ाए जाने की चर्चा तेज हो गई है।
खनन अधिकारी प्रदीप राज एवं खनन निरीक्षक सिद्धार्थ शंकर पांडेय के नेतृत्व में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे अभियान का सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। विभाग की सख्त कार्रवाई से अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2026 में 750 लाख रुपये के निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 915.10 लाख रुपये की राजस्व प्राप्ति हुई। वहीं मई 2026 में भी विभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 750 लाख रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 1166.30 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया। इस प्रकार दोनों महीनों में विभाग ने लक्ष्य से काफी अधिक वसूली दर्ज की है।
प्रवर्तन कार्यवाही के दौरान बालू, मौरंग और गिट्टी के अवैध परिवहन पर विशेष निगरानी रखी गई। जांच अभियान के दौरान कुल 354 वाहनों को अवैध खनिज परिवहन करते हुए पकड़ा गया। इन वाहनों से जुर्माना एवं अन्य मदों के रूप में कुल 185.24 लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।इसके अतिरिक्त गंभीर मामलों में विभाग ने कठोर रुख अपनाते हुए कुल पांच वाहनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
वहीं अवैध खनन एवं परिवहन से जुड़े 15 मामलों में सक्षम न्यायालय में परिवाद भी दाखिल किया गया है।खनन अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।विभाग की इस उपलब्धि को जनपद में राजस्व वृद्धि और कानून के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।