Chandauli News: नौगढ़ में रोडवेज बस सेवा ठप, डग्गामार वाहनों के भरोसे छात्र और जनता

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में रोडवेज बसों के अभाव से पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों को निजी और डग्गामार वाहनों के सहारे यात्रा करनी पड़ी।

Update:2026-06-08 21:59 IST

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले का अति-पिछड़ा इलाका नौगढ़ आज भी विकास की मुख्यधारा से कटा हुआ है। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त और सुगम बस सेवा का वादा किया था, लेकिन नौगढ़ की जमीनी हकीकत ने इन दावों की हवा निकाल दी। नौगढ़, चकिया, बबुरी और मुगलसराय होते हुए वाराणसी जाने के लिए एक भी रोडवेज बस उपलब्ध नहीं है। नतीजतन, आदिवासी, वनवासी और सामान्य वर्ग के लोगों सहित परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

तीन दशक पीछे लौटा नौगढ़, डग्गामार वाहनों का राज

हैरानी की बात यह है कि आज से तीन दशक (30 साल) पहले इस मार्ग पर दिनभर सरकारी रोडवेज बसें सरपट दौड़ती थीं। इससे सरकार को राजस्व मिलता था और आम जनता का सफर भी आसान था। लेकिन आज परिवहन विभाग की लापरवाही के कारण यह मार्ग पूरी तरह डग्गामार निजी वाहनों के हवाले हो चुका है। पुलिस भर्ती परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री के आदेश के बावजूद बसें नहीं मिलीं और वे निजी वाहनों में ठंसकर जाने को मजबूर हुए।

कड़े पहरे में संपन्न हुई पुलिस भर्ती परीक्षा

एक तरफ जहाँ परिवहन व्यवस्था पूरी तरह फेल रही, वहीं दूसरी तरफ चंदौली जनपद में पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा प्रशासनिक तौर पर शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के कड़े मार्गदर्शन में परीक्षा पूरी तरह से सतर्कता, पुख्ता व्यवस्था और निष्पक्षता के साथ आयोजित की गई।

परीक्षा के आंकड़े: हजारों छात्रों ने छोड़ी परीक्षा

सख्त प्रशासनिक व्यवस्था और परिवहन की बदहाली के बीच परीक्षा में अनुपस्थित रहने वाले छात्रों का आंकड़ा भी बड़ा रहा:

 प्रथम पाली (सुबह 10:00 से 12:00 बजे): कुल 4128 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से केवल 3149 उपस्थित रहे, जबकि 979 छात्र अनुपस्थित पाए गए।

द्वितीय पाली (दोपहर 03:00 से शाम 05:00 बजे): कुल 4128 अभ्यर्थियों में से 3111 उपस्थित रहे और 1017 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी।

प्रशासन भले ही परीक्षा सकुशल संपन्न कराने की पीठ थपथपा रहा हो, लेकिन नौगढ़ की जनता आज भी बुनियादी रोडवेज सेवा के लिए तरस रही है।

Tags:    

Similar News