Chandauli News: कपड़ा कारखाने में चोरी, बैटरी-इन्वर्टर और एलईडी ले उड़े चोर, CCTV के तार भी उखाड़े
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में भुजहुवा नहर तिराहा स्थित एक कपड़ा कारखाने में अज्ञात चोरों ने बैटरी, इन्वर्टर और एलईडी चोरी कर ली। पहचान छिपाने के लिए चोरों ने सीसीटीवी कैमरों के तार भी उखाड़ दिए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में चोरी की एक और घटना सामने आई है। भुजहुवा नहर तिराहा स्थित एक कपड़ा कारखाने को गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। बदमाश कारखाने में घुसकर बैटरी, इन्वर्टर और एलईडी समेत अन्य सामान चोरी कर फरार हो गए। इतना ही नहीं, अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से उन्होंने कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी उखाड़ दिए, जिससे घटना की रिकॉर्डिंग न हो सके।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह जब कारखाना संचालक नितेश कुमार मिश्रा कारखाने पहुंचे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और बैटरी, इन्वर्टर व एलईडी गायब मिले। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों के तार भी टूटे हुए मिले। घटना की सूचना तत्काल अलीनगर पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही जफरपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा चोरी की वारदात में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही घटना के खुलासे का दावा कर रही है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और नाराजगी का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में अलीनगर थानाध्यक्ष गगनराज सिंह ने बताया कि कपड़ा कारखाने से बैटरी, इन्वर्टर और एलईडी चोरी होने की सूचना मिली है। चोर सीसीटीवी कैमरों के तार भी नोच दिए हैं ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।