Chandauli News : चंदौली में पुलिस मुठभेड़, ज्वेलरी लूटकांड का आरोपी गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Chandauli News: चंदौली के चकिया में ज्वेलरी दुकान लूटकांड के आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद अस्पताल में भर्ती।

Update:2026-05-28 09:33 IST

Chandauli Police Encounter

Chandauli News : चंदौली के चकिया में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, लूटकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तारचंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस और एक बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मुठभेड़ का नेतृत्व चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने किया।

पुलिस के अनुसार मनीष यादव को एक दिन पहले सैदूपुर कस्बे में स्थित एक ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास के मामले में गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को पुलिस उसे घटना में प्रयुक्त असलहे की बरामदगी के लिए बनरसियां गांव स्थित विद्यालय के पास लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसे घेर लिया। मुठभेड़ के दौरान मनीष यादव के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे मौके पर ही दबोच लिया गया।

यह पूरा मामला सैदूपुर कस्बे की गोलू ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की कोशिश से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार तीन युवक ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे थे। उस समय दुकान संचालक गोलू सेठ बाहर गए हुए थे और दुकान पर उनकी पत्नी पूजा वर्मा मौजूद थीं। आरोप है कि बदमाशों ने पूजा वर्मा को बंधक बनाकर दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास किया।

हालांकि पूजा वर्मा ने साहस का परिचय देते हुए शोर मचा दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ता देख बदमाश भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।

सूचना मिलते ही चकिया पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने सरैया गांव के पास पीछा कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यादव और संदीप चौधरी निवासी अकोढ़ी, थाना रामगढ़, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। वहीं तीसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News