Chandauli News: सकलडीहा पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

Chandauli News: चंदौली के सकलडीहा में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी ने मारपीट कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल किया था।

Update:2026-05-28 15:51 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: जनपद की सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई। पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी 19 मई को हुई एक गंभीर मारपीट की घटना के संबंध में की गई है, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था।

जानकारी के अनुसार, सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के नरैना गांव में 19 मई को दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। इसी दौरान गांव निवासी बिपिन पांडेय के पुत्र शांतनु पांडेय ने उमेश गुप्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि शांतनु ने ईंट-पत्थर से उमेश गुप्ता के सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।

उमेश गुप्ता की हालत गंभीर होने के कारण उनका इलाज अस्पताल में कराया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सकलडीहा कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी शांतनु पांडेय के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में गुरुवार को सकलडीहा पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी नरैना गांव के सिवान क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी शांतनु पांडेय को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोतवाली लाकर आवश्यक पूछताछ की गई। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सकलडीहा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र कुमार निषाद ने बताया कि हत्या के प्रयास के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Tags:    

Similar News