Chandauli: गोवंश तस्करी व अपराध पर सख्त हुए एसपी,समीक्षा बैठक में गुड़वर्क वालों को किया सम्मानित
Chandauli News: चंदौली पुलिस लाइन में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में एसपी आकाश पटेल ने गोवंश तस्करी और अवैध कटान के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली के पुलिस लाइन सभागार में सोमवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों ने भाग लिया। कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान एसपी ने गोवंश तस्करी और अवैध कटान के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ऐसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अंतर-जनपदीय एवं अंतर-राज्यीय सीमाओं पर चौबीस घंटे सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया। साथ ही गोवंश तस्करी के संभावित मार्गों को चिन्हित कर वहां बैरियर और पिकेट स्थापित करने को कहा। उन्होंने गोवंश तस्करी में संलिप्त अपराधियों और गिरोहों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट तथा राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत कठोर कार्रवाई करने और अवैध संपत्तियों को कुर्क करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में खुफिया तंत्र को और मजबूत बनाने, बीट पुलिसिंग को सक्रिय रखने तथा पुराने गोवंश तस्करों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया। एसपी ने कहा कि गोवंश से जुड़े किसी भी मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में पुलिसकर्मियों की लापरवाही या मिलीभगत सामने आई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई होगी।
अपराध समीक्षा बैठक के बाद उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। थाना मुगलसराय क्षेत्र में हुई लूट की सनसनीखेज वारदात का सफल अनावरण कर चार आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल टीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं थाना धानापुर पुलिस को मात्र 12 घंटे के भीतर दो नाबालिग छात्राओं को सकुशल बरामद करने पर नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।