Chandauli News : चंदौली में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, पुरस्कार पाकर खिले होनहारों के चेहरे

Chandauli News: चंदौली में मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, प्रशस्ति पत्र, मेडल और नकद पुरस्कार पाकर खिले होनहारों के चेहरे।

Update:2026-06-01 19:25 IST

Chandauli News : चंदौली जनपद के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करने वाले होनहार विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल तथा चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने अपने हाथों से मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान किए गए। समारोह में छात्रों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी।

जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले कुल 20 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, जिनमें 9 हाईस्कूल तथा 11 इंटरमीडिएट के विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें यूपी बोर्ड के 18 छात्र-छात्राएं तथा सीबीएसई बोर्ड की एक छात्रा भी शामिल रही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किए जाने की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि एवं टैबलेट भी प्रदान किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक ने कहा कि सरकार की यह पहल विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और उनके मनोबल को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

समारोह को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मेहनत, अनुशासन एवं लगन से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने अन्य छात्र-छात्राओं से भी मेधावी विद्यार्थियों से प्रेरणा लेने की अपील की।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर कार्य कर रही है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि चंदौली के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से जिले का गौरव बढ़ाया है।

सम्मान समारोह को लेकर जिले भर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक रूप से सम्मान मिलने से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और अन्य बच्चों को भी बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मिलती है।

Tags:    

Similar News