Chandauli News: आंधी-तूफान के 3 दिन बाद भी छाया अंधेरा, पानी के लिए त्राहि-त्राहि, आंदोलन की चेतावनी

Chandauli News: चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में आंधी-तूफान के तीन दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है, जिससे लगभग 100 गांवों में पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

Update:2026-05-16 17:29 IST

Chandauli News

Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में बीते 13 मई को आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तूफान के कारण क्षेत्र में बिजली के दर्जनों पोल टूट कर गिर गए, जिससे करीब 100 गांवों की बत्ती पूरी तरह गुल हो गई है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। इस भीषण गर्मी में बिजली न होने से गांवों में पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बिजली विभाग की इस लापरवाही से नाराज पूर्व शासकीय अधिवक्ता और समाजसेवी राम जियावन सिंह यादव ने ग्रामीणों के साथ पावर हाउस का घेराव करने की चेतावनी दी है।

भीषण गर्मी में पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग

नौगढ़ ब्लॉक के ग्राम पंचायत चीकनी समेत लगभग 100 गांवों का हाल बेहाल है। इस तपती गर्मी में तीन दिनों से बिजली गायब होने के कारण वाटर पंप और ट्यूबवेल ठप पड़े हैं। ग्रामीणों के सामने अब पीने के पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। लोग इस चिलचिलाती धूप में पानी के इंतजाम के लिए भटकने को मजबूर हैं।

बिजली विभाग की लापरवाही से आक्रोश

पूर्व जिला शासकीय अधिवक्ता व उद्योग व्यापार मंडल के विधिक सलाहकार राम जियावन सिंह यादव ने बिजली विभाग के रवैये पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आंधी-तूफान आए तीन दिन बीत चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों ने बिजली व्यवस्था को सुधारने में कोई रुचि नहीं दिखाई है। पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा है और अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं।

मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी

समाजसेवी राम जियावन सिंह यादव ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों से इस गंभीर समस्या पर तत्काल संज्ञान लेने का निवेदन किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर विभाग ने जल्द से जल्द टूटे हुए पोल ठीक करके बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की, तो हम ग्रामीणों के साथ मिलकर पावर हाउस का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।"फिलहाल, क्षेत्र के हजारों ग्रामीण अंधेरे और प्यास से जूझते हुए बिजली चालू होने का इंतजार कर रहे हैं।

Tags:    

Similar News