Chandauli News: मिट्टी खनन में लगे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौदा, एक की मौत, एक रेफर
Chandauli News : चंदौली में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंदा, एक की मौत, एक गंभीर घायल, वाराणसी रेफर।
Chandauli Accident News
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर एक परिवार पर भारी पड़ गया। शुक्रवार की देर रात रिंग रोड अंडरपास कुरहना गांव के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के चतुभुर्जपुर निवासी नंदू यादव (48) पुत्र शिवमूरत यादव अपने साथी डब्बू यादव के साथ शुक्रवार की देर रात कैली गांव से निमंत्रण कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहे थे। दोनों बाइक से घर की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे कुरहना गांव स्थित रिंग रोड अंडरपास के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और मिट्टी लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्राली ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार नंदू यादव की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक डब्बू यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे को अंजाम देने के बाद ट्रैक्टर-ट्राली चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोगवार पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
वहीं, हादसे में नंदू यादव की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रैक्टर-ट्राली चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से आरोपी वाहन की पहचान में जुटी हुई है।