Chandauli News: गड़ई नदी खुदाई में मिट्टी बिक्री का नया वीडियो वायराल,किसानों में बढ़ा आक्रोश
Chandauli News: चंदौली के पड़या गांव में गड़ई नदी खुदाई से निकली मिट्टी की कथित बिक्री को लेकर नया वीडियो वायरल होने के बाद विवाद और गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के सदर ब्लॉक के पड़या गांव में गड़ई नदी की खुदाई को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। नदी से निकाली जा रही मिट्टी की कथित बिक्री के आरोपों के बीच सोशल मीडिया पर एक नया वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया है। वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और प्रशासन के बीच मामला चर्चा का विषय बन गया है।
वायरल वीडियो में कथित रूप से एक रसीद बुक दिखाई दे रही है, जिसमें ₹500 प्रति ट्रैक्टर की दर से मिट्टी दिए जाने का उल्लेख बताया जा रहा है। रसीद पर "संतोष कुमार सिंह" नाम अंकित होने का भी दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि गड़ई नदी की खुदाई से निकाली गई मिट्टी को रात के समय ट्रैक्टरों के माध्यम से बेचा जा रहा है और इसके लिए बाकायदा रसीदें काटी जा रही हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी पुनर्जीवन और बाढ़ सुरक्षा के उद्देश्य से करोड़ों रुपये की लागत से यह खुदाई कराई जा रही है। लेकिन निर्धारित मानकों और नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है। आरोप है कि जेसीबी मशीनों से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकालकर उसे तटबंध निर्माण में उपयोग करने के बजाय निजी तौर पर बेचा जा रहा है।
मामला उस समय और गरमा गया जब बाढ़ आपदा से संबंधित मॉक ड्रिल कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग का ग्रामीणों ने घेराव कर दिया। ग्रामीणों ने डीएम को कथित मिट्टी बिक्री और अवैध खनन से जुड़े वीडियो दिखाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी परियोजना की आड़ में संसाधनों का दुरुपयोग किया जा रहा है।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है। हालांकि वायरल वीडियो और लगाए जा रहे आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गड़ई नदी खुदाई कार्य में नियमों का पालन किया गया है या फिर मिट्टी बिक्री और अनियमितताओं के आरोपों में कितनी सच्चाई है।