Chandauli News: युवक का अपहरण: आरोपियों पर कार्रवाई नहीं, पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश
Chandauli News: चंदौली में बारात से युवक के कथित अपहरण के मामले में नामजद आरोपियों पर कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में आक्रोश है। परिजनों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और युवक की बरामदगी की मांग की है।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ गहिला गाँव से सेमरा गाँव गई एक बारात से एक युवक रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। शादी संपन्न होने के बाद बारात तो वापस लौट आई, लेकिन युवक घर नहीं पहुँचा। परिजनों का आरोप है कि युवक का अपहरण कर लिया गया है। इस मामले में नामजद तहरीर देने के बावजूद पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। क्षेत्र के भ्रमण पर निकले समाजसेवी व पूर्व शासकीय अधिवक्ता राम जियावन सिंह यादव के सामने पीड़ित परिवार और ग्रामीणों का यह दर्द छलक उठा।
बारात वापस आई, लेकिन युवक हुआ लापता
पीड़ित परिवार ने पूर्व शासकीय अधिवक्ता राम जियावन सिंह यादव को अपनी आपबीती सुनाते हुए बताया कि उनका बेटा गहिला गाँव से सेमरा गाँव बारात में शामिल होने गया था। बारात के सभी लोग सकुशल घर लौट आए, लेकिन उनका बेटा वापस नहीं आया। काफी खोजबीन के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कुछ संदिग्धों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
नामजद शिकायत के बावजूद पुलिस की सुस्ती
परिजनों का गंभीर आरोप है कि नामजद शिकायत करने के बाद भी पुलिस अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया जरूर था, लेकिन महज़ दो-चार दिन थाने में बैठाने के बाद उन्हें छोड़ दिया। घटना को एक महीने से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस ने अब तक मुख्य नामजद आरोपियों पर कोई सख्त कानूनी कार्रवाई या एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की है। युवक के छोटे-छोटे बच्चे और पत्नी उसके इंतजार में बेहाल हैं।
ग्रामीणों ने हाथ उठाकर जताया विरोध, दी आंदोलन की चेतावनी
राम जियावन सिंह यादव के दौरे के दौरान पूरे गहिला गाँव के ग्रामीण बेहद आक्रोशित नज़र आए। ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से हाथ उठाकर पुलिस और जिला प्रशासन के खिलाफ अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया। ग्रामीणों को डर है कि कहीं अपहरणकर्ताओं ने युवक के साथ कोई बड़ी अनहोनी या उसकी हत्या न कर दी हो।
सीएम योगी आदित्यनाथ से गुहार, थाने के घेराव का अल्टीमेटम
पूर्व शासकीय अधिवक्ता और ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने और न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा: कि "अगर अगले दो से चार दिनों के भीतर पुलिस ने नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर युवक को सकुशल बरामद नहीं किया, तो सभी ग्रामीण एकजुट होकर नौगढ़ थाने का घेराव करेंगे।"