Chandauli News: मानदेय बढ़ते ही खिल उठे रसोइयों के चेहरे, नौगढ़ में मनाया जश्न

Chandauli News: पीएम पोषण रसोइयों का मानदेय बढ़ने पर नौगढ़ में खुशी का माहौल रहा। रसोइयों ने जश्न मनाकर सरकार के फैसले का स्वागत किया।

Update:2026-08-23 19:54 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: बरसों से मामूली मानदेय पर विद्यालयों में बच्चों का पेट भरने वाली रसोइया बहनों के दिन अब बदलने वाले हैं। सरकार ने उनके लंबे इंतजार को खत्म करते हुए मानदेय में सीधे एक हजार रुपये की बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के सामने आते ही चंदौली के नौगढ़ ब्लॉक में खुशी की लहर दौड़ गई और रसोइयों ने इस कदम का दिल खोलकर स्वागत किया।

₹2,000 से सीधे ₹3,000 हुआ मानदेय

परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में मिड-डे मील तैयार करने वाले रसोइयों को अब हर महीने ₹2,000 के बदले ₹3,000 का मानदेय मिलेगा। रविवार को नौगढ़ ब्लॉक सभागार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में इस फैसले की जानकारी मिलते ही रसोइयों में भारी उत्साह देखा गया। सीमित संसाधनों और कम पैसों में भी दिन-रात बच्चों के पोषण में जुटी रहने वाली बहनों के लिए यह फैसला किसी बड़े तोहफे से कम नहीं है।

अथक परिश्रम और लगन का मिला फल

कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह ने कहा कि विद्यालयों में नौनिहालों को समय पर पौष्टिक भोजन देना आसान काम नहीं है। रसोइये पूरी ईमानदारी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाते आए हैं और मानदेय में यह इजाफा उनके अथक परिश्रम का सीधा सम्मान है। खंड शिक्षा अधिकारी लालमणि कन्नौजिया ने भी इसे बेहद राहत देने वाला कदम बताया।

कैशलेस कार्ड का मिला सुरक्षा कवच

इस मौके पर सिर्फ मानदेय ही नहीं बढ़ा, बल्कि रसोइयों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से कैशलेस हेल्थ कार्ड भी वितरित किए गए। मंडल अध्यक्ष सरबजीत खरवार के हाथों कार्ड पाकर सुशीला, प्रभावती, मोनिका, मीरा और लक्ष्मीना देवी समेत तमाम रसोइयों ने सरकार के इस फैसले पर गहरी खुशी और आभार जताया।

प्रदेश भर के लाखों परिवारों को राहत

सरकार के इस एक कदम से केवल चंदौली ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के करीब 1.41 लाख विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों के परिवारों को सीधा आर्थिक सहारा मिलेगा। इन विद्यालयों में पढ़ने वाले लगभग 1.46 करोड़ बच्चों की सेहत का ध्यान रखने वाली बहनों को अब आर्थिक तंगी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बाघी की ग्राम प्रधान नीलम ओहरी, पूर्व मंडल अध्यक्ष देवेंद्र साहनी और एआरपी संजीव सिंह समेत कई शिक्षक व प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News