Chandauli News: गहरे कुएं में गिरी गाय, घंटों बाद भी रेस्क्यू करने में वन और पुलिस के छूटे पसीने
Chandauli News: चंदौली में एक गाय गहरे कुएं में गिर गई। घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान में वन विभाग, पुलिस और स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला। पढ़ें पूरी खबर।
Chandauli News(Photo-Social Media)
Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नौगढ़ तहसील क्षेत्र के अमृतपुर गांव में एक बेजुबान गाय गहरे कुएं में गिर गई। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी प्रशासन और स्थानीय लोग गाय को बाहर निकालने में नाकाम रहे हैं। कुएं में तड़प रही गाय को बचाने के लिए वन विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं, लेकिन संसाधन न होने के कारण उनके हाथ खड़े नजर आ रहे हैं।
अमृतपुर गांव की बंधी के पास हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, नौगढ़ के अमृतपुर गांव की बंधी (बांध) के समीप बने एक गहरे कुएं में अचानक एक गाय गिर गई। कुआं काफी गहरा होने के कारण गाय उसमें पूरी तरह फंस गई और बाहर निकलने के लिए तड़पने लगी। जैसे ही ग्रामीणों को इसकी भनक लगी, मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर गाय को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घंटों देरी से पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम
ग्रामीणों का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत स्थानीय प्रशासन को दी गई थी, लेकिन वन विभाग और पुलिस विभाग की टीम घंटों देरी से मौके पर पहुंची। तब तक बेजुबान जानवर कुएं के मटमैले पानी और मलबे के बीच जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा था।
संसाधन न होने से रेस्क्यू ऑपरेशन फेल
मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम के पास गहरे कुएं से भारी मवेशी को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जरूरी उपकरण मौजूद नहीं थे। विभाग के कर्मचारी कुएं में जाल फेंककर गाय को फंसाने की कोशिश करते रहे, लेकिन घंटों की मशक्कत के बाद भी कामयाबी नहीं मिली।ताजा स्थिति:खबर लिखे जाने तक वन विभाग और पुलिस के कर्मी मौके पर बेबस नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अब केवल भगवान का ही सहारा है। अगर जल्द ही क्रेन या बड़ी रेस्क्यू टीम नहीं बुलाई गई, तो बेजुबान की जान को खतरा हो सकता है।यह घटना प्रशासनिक दावों की पोल खोलती है, जहाँ एक बेजुबान को बचाने के लिए भी घंटों तक सही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं हो सका।