Chandauli News: रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में कुरहना गांव के पास तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, 22 वर्षीय तौफीक अहमद की मौत हुई, साथी गंभीर रूप से घायल।
रिंग रोड पर दर्दनाक हादसा, डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक की मौत (Photo- Newstrack)
Chandauli News: चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा कुरहना गांव के समीप रिंग रोड पर उस समय हुआ जब तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
घर लौटते समय दो युवक हुए सड़क हादसे का शिकार
मृतक की पहचान तौफीक अहमद (22) पुत्र मोहम्मद यासीन, निवासी मालोखर, दुल्हीपुर थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार तौफीक अपने एक मित्र के साथ सोमवार को दोपहर अलीनगर थाना क्षेत्र के महादेवपुर स्थित वाटर पार्क में घूमने और नहाने गया था। दोनों युवक बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुरहना गांव के पास उनकी मोटरसाइकिल अचानक असंतुलित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चला रहे तौफीक के गर्दन में गंभीर चोट लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार हादसे के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोग अस्पताल और घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक घनश्याम शुक्ला ने बताया कि डायल 112 पर सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के शव को कब्जे में लेकर परिजनों को सूचित कर दिया गया है, जबकि घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।