Chandauli: आरआरबी परीक्षा के लिए चलेगी दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें, अभ्यर्थियों को मिलेगी राहत
Chandauli News: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) लेवल-1 सीबीटी परीक्षा के मद्देनजर पूर्व मध्य रेलवे ने जयनगर-लखनऊ और राजगीर-वाराणसी के बीच दो जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है।
Chandauli News
Chandauli News: रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा लेवल-1 के विभिन्न पदों के लिए आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) फेज-1 के मद्देनजर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेलवे ने जयनगर-लखनऊ तथा राजगीर-वाराणसी के बीच एक-एक जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। यह परीक्षा 3 अगस्त से 6 अगस्त 2026 तक विभिन्न चरणों में आयोजित की जा रही है।
रेल प्रशासन के अनुसार गाड़ी संख्या 03203 जयनगर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त को जयनगर से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, बापूधाम मोतिहारी, बेतिया और नरकटियागंज सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए गोरखपुर, बस्ती और गोंडा मार्ग से अगले दिन सुबह 10:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03204 लखनऊ-जयनगर परीक्षा स्पेशल 5 अगस्त को दोपहर 12:30 बजे लखनऊ से चलकर अगले दिन सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 12 शयनयान (स्लीपर) कोच तथा 2 एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 03205 राजगीर-वाराणसी परीक्षा स्पेशल 4 अगस्त को शाम 6:30 बजे राजगीर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन नालंदा, बिहारशरीफ, बख्तियारपुर, पटना, आरा, बक्सर तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) होते हुए अगले दिन सुबह 3:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03206 वाराणसी-राजगीर परीक्षा स्पेशल 5 अगस्त को शाम 7 बजे वाराणसी से रवाना होकर डीडीयू, बक्सर, आरा, पटना, बख्तियारपुर, बिहारशरीफ और नालंदा होते हुए अगले दिन सुबह 5 बजे राजगीर पहुंचेगी। इस ट्रेन में 14 शयनयान कोच और 2 एसएलआरडी कोच लगाए जाएंगे।
पूर्व मध्य रेलवे ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए इन विशेष ट्रेनों का अधिकतम लाभ उठाएं। रेलवे का कहना है कि अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों के संचालन से परीक्षार्थियों को भीड़भाड़ से राहत मिलेगी और वे समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक आसानी से पहुंच सकेंगे।