Chandauli News: पुरानी रंजिश में दूध लेकर जा रहे अधेड़ पर जानलेवा हमला, आधा दर्जन पर मुकदमा दर्ज

Chandauli News: सकलडीहा क्षेत्र में डेयरी जा रहे अधेड़ पर पुरानी रंजिश को लेकर हमला करने का आरोप, पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

Update:2026-08-03 22:51 IST

पुरानी रंजिश में दूध लेकर जा रहे अधेड़ पर जानलेवा हमला, आधा दर्जन पर मुकदमा दर्ज (Photo- Newstrack)

Chandauli News: चंदौली जनपद के सकलडीहा थाना क्षेत्र के अलहिया नई कोट माइनर पुल के पास पुरानी रंजिश को लेकर दूध लेकर डेयरी जा रहे राजेंद्र यादव पुत्र श्यामनारायण यादव पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधा दर्जन लोगों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त कर दी और सड़क पर रखा दूध भी बहा दिया। गंभीर रूप से घायल अधेड़ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।

डेयरी में दूध देने जा रहे अधेड़ पर लाठी-डंडों से हमला

जानकारी के अनुसार पीड़ित प्रतिदिन की तरह मोटरसाइकिल से डेयरी में दूध देने जा रहे थे। इसी दौरान अलहिया नई कोट माइनर पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे आरोपितों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ और देखते ही देखते हमलावरों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित के सिर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना के दौरान हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। आरोप है कि दूध के बर्तन गिराकर सड़क पर दूध बहा दिया गया,जिससे पीड़ित को आर्थिक नुकसान भी हुआ। मारपीट के बाद आरोपित मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस ने दी मामले की जानकारी 

सूचना मिलते ही सकलडीहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार नामजद और दो अज्ञात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News