Chandauli News: सपा नेता सहित अन्य को न्यायालय ने किया बरी,लॉकडाउन में दर्ज था मुकदमा
Chandauli News: चंदौली के कमालपुर निवासी सपा नेता जगमेंद्र यादव सहित अन्य अभियुक्तों को कोविड-19 लॉकडाउन उल्लंघन मामले में बड़ी राहत मिली है।
Chandauli News
Chandauli News: चंदौली जनपद के कमालपुर क्षेत्र के निवासी सपा नेता जगमेंद्र यादव सहित अन्य लोगों पर कोविड-19 महामारी के दौरान लॉकडाउन और सरकारी दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में दर्ज मुकदमे को न्यायालय ने वापस लेने की अनुमति दे दी है। यह आदेश 30 मई 2026 को पारित किया गया।
जानकारी के अनुसार थाना धीना में वर्ष 2020 में अपराध संख्या 16/2020 तथा संबंधित प्रकरण थाना अलीनगर में दर्ज किया गया था। मुकदमे में भारतीय दंड संहिता की धारा 188, 269, 270, 271, 504 के साथ महामारी अधिनियम 1897 एवं आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धाराएं लगाई गई थीं। आरोप था कि अभियुक्तों ने कोविड-19 प्रोटोकॉल और लॉकडाउन नियमों का उल्लंघन किया था।
मामले में सरकार बनाम जगमेंद्र यादव आदि शीर्षक से न्यायालय में विचारण चल रहा था। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश के क्रम में ऐसे मुकदमों की समीक्षा की गई। शासन के निर्देश पर अभियोजन पक्ष द्वारा मुकदमा वापस लेने का प्रार्थना पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।न्यायिक मजिस्ट्रेट (जूनियर डिवीजन/एफसी) ने प्रकरण का अवलोकन करने के बाद 30 मई 2026 को मुकदमा वापस लेने की अनुमति प्रदान कर दी। इसके साथ ही जगमेंद्र यादव सहित अन्य नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध चल रही न्यायिक कार्यवाही समाप्त हो गई।न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित अभियुक्तों को उक्त मुकदमे में आगे की कार्यवाही से राहत मिल गई है।