Chandauli News: चंदौली में हौदी में गिरने से किशोर की मौत, गांव में पसरा मातम

Chandauli News: चंदौली के नरौली गांव में पशुओं को चारा डालते समय 16 वर्षीय किशोर हौदी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

Update:2026-05-14 11:36 IST

Chandauli News(Photo-Social Media)

Chandauli News: चंदौली जनपद के धानापुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान पवन यादव के रूप में हुई है, जो गांव निवासी कमलेश यादव का पुत्र था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और ग्रामीण शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंचने लगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पवन रोज की तरह गुरुवार सुबह घर में बंधे पशुओं को चारा-पानी देने गया था। बताया जा रहा है कि पशुओं की देखभाल के दौरान वह पानी से भरी हौदी (नाद) के पास पहुंचा, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह हौदी में गिर पड़ा। काफी देर तक पवन के घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान परिजनों ने पवन को पानी से भरी हौदी में पड़ा देखा। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए।

आनन-फानन में परिजनों और ग्रामीणों की मदद से किशोर को हौदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार, पवन को मिर्गी की बीमारी थी। आशंका जताई जा रही है कि पशुओं को चारा-पानी देने के दौरान उसे अचानक दौरा पड़ा होगा, जिससे वह संतुलन खो बैठा और पानी से भरी हौदी में गिर गया। जब तक कोई उसे देख पाता, तब तक उसकी जान जा चुकी थी।

घटना के बाद पूरे नरौली गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा दुख जताया। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी। किशोर की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Tags:    

Similar News