चित्रकूट: खाद-बीज वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, मंडलायुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

Chitrakoot News: चित्रकूटधाम मंडलायुक्त अजीत कुमार ने नरैनी में खाद केंद्र और राजकीय बीज भंडार का किया औचक निरीक्षण। लापरवाही पर कार्रवाई की दी चेतावनी।

Update:2026-11-14 16:04 IST

Chitrakoot News: चित्रकूटधाम मंडल के आयुक्त अजीत कुमार ने कहा कि किसानों को खाद एवं प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रबी फसलों की बुवाई के समय किसानों को खाद-बीज के लिए परेशान होना पड़ा तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।

शनिवार को आयुक्त अजीत कुमार ने डीआईजी राजेश एस के साथ नरैनी थाने में आयोजित समाधान दिवस में हिस्सा लिया। इस दौरान प्राप्त पांच शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए सभी का मौके पर निस्तारण कराया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाए, ताकि फरियादियों को वास्तविक राहत मिल सके।

इसके बाद आयुक्त ने नरैनी क्रय-विक्रय सहकारी समिति केंद्र का औचक निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था परखी। केंद्र प्रभारी ने बताया कि डीएपी और यूरिया की करीब 10 से 15 बोरियां उपलब्ध हैं, जबकि एनपीके पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। किसानों ने समय से खाद मिलने पर संतोष जताया। इस पर आयुक्त ने डीएपी और यूरिया की आपूर्ति बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद की उपलब्धता, स्टॉक और निर्धारित बिक्री दरों का स्पष्ट प्रदर्शन किया जाए। कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली और अनिवार्य टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखी जाए।

आयुक्त ने राजकीय बीज भंडार का भी औचक निरीक्षण किया। यहां किसानों ने शिकायत की कि ऑनलाइन बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें समय से बीज नहीं मिल रहा है। सर्वर की समस्या बताकर बार-बार वापस कर दिया जाता है। इस पर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए बीज गोदाम प्रभारी से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर किसानों को परेशान करना बर्दाश्त नहीं होगा। ऑनलाइन बुकिंग कराने वाले किसानों को निर्धारित समय पर बीज उपलब्ध कराया जाए। सर्वर की समस्या का तत्काल समाधान कराने के लिए तकनीकी अधिकारियों से समन्वय किया जाए।

उन्होंने बीज भंडार में उपलब्ध स्टॉक और वितरण की स्थिति सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने तथा किसानों को बीज प्राप्त करने में पूरा सहयोग देने के निर्देश दिए। आयुक्त ने कृषि और सहकारिता विभाग के अधिकारियों से कहा कि रबी फसलों की बुवाई को देखते हुए खाद एवं प्रमाणित बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें और किसानों की शिकायतों का तत्काल निस्तारण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान हितों की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News