Chitrakoot News: स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लें, देश की जनगणना में बनें सहभागी- चारु गर्ग
Chitrakoot News: चारु गर्ग ने वीडियो संदेश जारी कर नागरिकों से की अपील, कहा एक कप चाय पीने जितने समय में पूरी होगी प्रक्रिया, सही जानकारी देकर जनगणना में बनें सहभागी।
स्वगणना में बढ़-चढ़कर भाग लें, देश की जनगणना में बनें सहभागी- चारु गर्ग (Photo- Newstrack)
Chitrakoot News: जनगणना में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए धर्मनगरी चित्रकूट में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की पत्नी चारु गर्ग ने जिले के नागरिकों से स्वगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि स्वगणना के माध्यम से हर नागरिक देश की जनगणना में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकता है।
चारु गर्ग ने कहा कि स्वगणना की प्रक्रिया बेहद सरल और आसान है। इसे पूरा करने में महज उतना ही समय लगता है, जितना एक कप चाय पीने में लगता है। इसलिए सभी नागरिक बिना किसी झिझक के अपने और परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज कराएं। उन्होंने बताया कि स्वगणना की प्रक्रिया 16 से 30 नवंबर तक चलेगी। नागरिकों के पास 30 नवंबर तक अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का अवसर है।
उन्होंने अपील की कि स्वगणना के दौरान पूछे गए सभी सवालों के सही और सटीक जवाब दें, जिससे जनगणना के विश्वसनीय आंकड़े तैयार हो सकें। चारु गर्ग ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश और समाज के विकास की योजनाएं बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर स्कूल, सड़क, अस्पताल और अन्य बुनियादी सुविधाओं की जरूरत का आकलन किया जाता है। साथ ही सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में भी सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। इसमें हर परिवार और हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने धर्मनगरी चित्रकूट के नागरिकों से जागरूकता का परिचय देते हुए निर्धारित समय में स्वगणना पूरी करने और देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।