Etah News: चार साल बाद फिर साथ आए दंपति, काउंसलिंग से सुलझा विवाद

Etah News: एटा के वन स्टॉप सेंटर की लगातार काउंसलिंग और समझाइश के बाद चार वर्षों से अलग रह रहे दंपति ने आपसी सहमति से फिर साथ रहने का निर्णय लिया।

Update:2026-06-27 21:04 IST

चार साल बाद फिर साथ आए दंपति, काउंसलिंग से सुलझा विवाद (Photo- Newstrack)

Etah News: चार वर्षों से आपसी मतभेद और पारिवारिक विवाद के कारण अलग रह रहे पति-पत्नी का आखिरकार पुनर्मिलन हो गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत संचालित वन स्टॉप सेंटर, एटा की लगातार काउंसलिंग और समझाइश के बाद दोनों ने आपसी सहमति से फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। इस पहल को पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह के निर्देशन तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी अजयपाल सिंह के मार्गदर्शन में वन स्टॉप सेंटर की टीम ने इस मामले में कई चरणों में दोनों पक्षों से बातचीत की। जानकारी के अनुसार पारिवारिक विवाद के चलते महिला पिछले चार वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर केंद्र की टीम ने पति-पत्नी दोनों की समस्याओं और भावनाओं को गंभीरता से समझा तथा आपसी संवाद, विश्वास और समझदारी के माध्यम से रिश्ते में आई दूरियों को समाप्त करने का प्रयास किया।

लगातार की गई काउंसलिंग का सकारात्मक परिणाम सामने आया और दोनों ने अपने मतभेद भुलाकर दोबारा साथ रहने का फैसला किया। वन स्टॉप सेंटर की टीम ने दंपति को सुखद, सुरक्षित और खुशहाल वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं देते हुए उन्हें सकुशल उनके घर के लिए रवाना किया।

मिशन शक्ति अभियान परिवारों को जोड़ने का भी कार्य कर रहा 

जिलाधिकारी अरविन्द सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान केवल महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन तक सीमित नहीं है, बल्कि पारिवारिक विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कर परिवारों को जोड़ने का भी कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि जनसुनवाई और संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त घरेलू विवादों से संबंधित शिकायतों का समाधान जिला प्रोबेशन कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र और वन स्टॉप सेंटर द्वारा काउंसलिंग के माध्यम से कराया जा रहा है, जो समाज के लिए प्रेरणादायी पहल है।

इस अवसर पर केंद्र प्रबंधक जागृति चतुर्वेदी, स्टाफ नर्स आरती, केस वर्कर दीपिका गुप्ता, रेखा सहित वन स्टॉप सेंटर के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News