Etah News: एटा में नहर में बहता मिला अज्ञात महिला का शव, पहचान में जुटी पुलिस

Etah News: एटा में नहर में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

Update:2026-06-28 19:07 IST

Etah News(Photo-Social Media)

Etah News: जनपद के पिलुआ थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब सुन्ना नहर पुल के पास वंथल कुतकपुर गांव के समीप नहर में एक अज्ञात महिला का शव बहता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:15 बजे गांव वंथल कुतकपुर के पास चरवाहे अपने पशु चरा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर नहर में बह रहे एक महिला के शव पर पड़ी। शव दिखाई देने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना थाना पिलुआ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह राणा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया।

प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 30 वर्ष आंकी जा रही है। महिला के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी सामान नहीं मिला, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी जुटा रही है और अन्य माध्यमों से मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी संदीप सिंह राणा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा महिला की पहचान कराने के प्रयास लगातार जारी हैं।

Tags:    

Similar News