Etah News: यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 263 वाहनों के चालान, वसूले 4.72 लाख रुपये

Etah News: एटा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 263 वाहनों के चालान किए और 4.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। अभियान में हेलमेट, तीन सवारी, ड्रिंक एंड ड्राइव, मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, हूटर और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

Update:2026-06-28 22:20 IST

Etah News (Image Credit-Newstrack)

एटा। जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलामारन जि के निर्देश पर चलाये जा रहे अभियान में यातायात पुलिस ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। शहर के माया पैलेस और अलीगंज चौराहे पर की गई कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 263 वाहनों का चालान किया गया। इन चालानों के माध्यम से कुल 4 लाख 72 हजार रुपये का सम्मन शुल्क लगाया गया।

टीएसाई अनिल वर्मा ने बताया कि अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों, ब्लैक फिल्म, हूटर, सायरन, प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने वाले वाहन चालकों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवारियां बैठाकर चलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी बैठाकर दोपहिया वाहन चलाना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना, बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़क पर दौड़ाना तथा नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने जैसे मामलों में भी चालान किए गए।

यातायात पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कई वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए चालानी कार्रवाई की, वहीं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सलाह भी दी।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हमेशा हेलमेट का प्रयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और लापरवाही या ओवरस्पीड से वाहन न चलाएं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी आवश्यक है।

पुलिस का कहना है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News